*
उत्तराखंड देहरादून, 05 अगस्त। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा के शहीद दुर्गा मल्ल मंडल के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आगामी 11 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में अभियान के सफल संचालन और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस अभियान ने प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है और देश निरंतर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे ऐतिहासिक सफलता दिलाई जाए।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, समीर डोभाल, मनोज क्षेत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।