दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं. महिला सम्मान योजना, संजीवनी योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्कॉलरशिप योजना और पुजारी ग्रंथि योजना के बाद अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एक और घोषणा कर दी. उन्होंने हमारी सरकार लोगों को हर माह 20 हजार लीटर पानी फ्री में उपलब्ध करा रही है. इससे लगभग 12 लाख परिवारों के पानी के बिल जीरो आते हैं. लेकिन मैं जब जेल गया तो इन्होंने पता नहीं क्या किया, लोगों के पानी के बिल लाखों में आने लगे.
उन्होंने आगे कहा, आज मैं औपचारिक रूप से ऐलान करता हूं कि जिन लोगों को लगता है कि उनके बिल गलत हैं, उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है. आप आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो हम सबके पानी के बिल माफ करा देंगे. ये मेरी तरफ से सबको गारंटी है. पार्टी लोगों के साथ खड़ी है. इससे पहले उन्होंने अपनी घोषणा को लेकर X हैंडल पर बताया था. उन्होंने लिखा था कि ‘आज 12 बजे, एक और बड़ी घोषणा’.
अरविंद केजरीवाल की इस घोषणा को पीएम मोदी की घोषणाओं की काट करने के रूप में देखा जा रहा है. इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में 4500 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किया था. आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले लगातार घोषणाएं करके लोगों को उनका लाभ पहुंचाने की बात कह रही है.
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दावा कर रहे हैं कि दिल्ली में फिर से उनकी सरकार बनने के बाद, इन सभी योजनाओं को लागू करके लोगों को इनका लाभ दिया जाएगा. इन्हीं घोषणाओं के नाम पर केजरीवाल जनता से वोट मांग रहे हैं. उनकी तरफ से दिल्ली में महिलाओं को 2100 रुपये प्रति महीने, मंदिरों के पुजारी और गुरुद्वारा के ग्रंथियों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह देने और संजीवनी योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों का इलाज फ्री कराने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है.