दिल्ली यूनिवर्सिटी को मिले दो नए कैंपस और वीर सावरकर कॉलेज

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) को शुक्रवार को तीन नई सौगात मिली है, जिनमें पश्चिमी और पूर्वी दिल्ली कैंपस और नजफगढ़ के रोशनपुरा में एक नए कॉलेज का निर्माण होना शामिल है. दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने डीयू के दो नए कैंपस और वीर सावरकर के नाम पर एक कॉलेज की आधारशिला रखी. इन तीनों प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय का ढांचा राजधानी दिल्ली के अंदर और मजबूत होगा. साथ ही पूरे देश से यहां पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए दाखिले की संभावना और बढ़ेंगी.

अगर वर्ष 1922 में स्थापित दिल्ली यूनिवर्सिटी के मौजूदा ढांचे की बात करें तो अभी दिल्ली में डीयू के नॉर्थ और साउथ दो कैंपस स्थापित हैं. इसके अलावा, करीब 80 कॉलेज डीयू से संबंध हैं, जो दिल्ली में संचालित हैं. इनमें कुछ कॉलेज दिल्ली सरकार के और बाकी कॉलेज अन्य समिति और ट्रस्ट के हैं. अभी डीयू में 16 विभाग हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में स्थित कॉलेज में दाखिला लेना हर छात्र-छात्राओं का सपना होता है. लेकिन, इन कॉलेज में दाखिला लेने के लिए प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं. इसलिए सीमित सीटों और अधिक डिमांड के कारण हर छात्र को नॉर्थ कैंपस के कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पाता है.

वहीं, छात्र-छात्राओं की दूसरी प्राथमिकता साउथ कैंपस के कॉलेज में दाखिला लेने की होती है. साउथ कैंपस के कॉलेज में भी दाखिला लेने की भारी मांग होती है. इसलिए सीमित सीटों की संख्या के आधार पर ही दाखिले हो पाते हैं. जब इन दोनों कैंपस के कॉलेज में सीटें भर जाती हैं, तब छात्र-छात्राएं कैंपस से बाहर के कॉलेज की ओर दाखिले का रुख करते हैं. सूरजमल विहार में जहां पर डीयू का पूर्वी कैंपस बनने जा रहा है वहां उसके बगल में ही पहले से आईपी यूनिवर्सिटी का पूर्वी कैंपस स्थित है. इसके अलावा यहां पर डीटीयू का भी पूर्वी कैंपस स्थित है. इसके साथ यहां से कुछ ही दूरी पर गीता कॉलोनी में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी का भी कैंपस है. इस तरह से पूर्व दिल्ली में डीयू पूर्वी कैंपस बनने के बाद पूर्वी दिल्ली का इलाका भी एजुकेशन हब के रूप में विकसित हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *