ग्वालियर में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शातिर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। फिर दूसरे जिले (मुरैना) मे लाश जलाई और उसके बाद राजस्थान की चंबल नदी में अस्थियां फेंक दी। यह पूरा मामला ग्वालियर शहर के थाटीपुर इलाके का है। रिश्तो का कत्ल करने वाले इस शख्स ने घर में पत्नी की हत्या करने के बाद ग्वालियर जिले से तकरीबन 50 किलोमीटर दूर उसके शव को जला दिया। इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तो अस्थियों को दूसरे राज्य यानी (राजस्थान) में ले जाकर चंबल नदी में फेंक दिया ताकि किसी के हाथ कोई सबूत ना लगे।
पत्नी की लाश को ठिकाने लगाने के बाद शातिर पति खुद ही ग्वालियर के थाटीपुर थाना पहुंच गया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। जिससे रिश्तेदारों और पत्नी के मायके वालों को उसके ऊपर किसी भी तरह का शक ना हो। लेकिन वह अपना जुर्म ज्यादा देर तक छुपा नहीं पाया। हत्यारे के रिश्तेदारों को उसके ऊपर कुछ शक हुआ। जिससे पुलिस को पता चल गया और हत्या का भेद खुल गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पुलिस की पकड़ में है। हत्या का राज उगलवाने के लिए पुलिस उसे चंबल नदी के उस स्पॉट पर लेकर पहुंची, जहां पर उसने अस्थियों को फेंका था। पुलिस की एक टीम लगातार उस जगह की सर्चिंग कर अस्थियों की तलाश कर रही है।