
साइबर ठगों पर कब चलेगा कानून का वज्र प्रहार? आम आदमी की मेहनत पर गिद्ध दृष्टि
उत्तराखंड,देहरादून, 08 अक्टूबर, 2026,डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर ठगों ने आम आदमी की मेहनत की कमाई पर गिद्ध दृष्टि डाल रखी है। हर दिन ठगी का नया तरीका, और हर दिन कोई न कोई गरीब, बुजुर्ग, पेंशनर या युवा इसका शिकार हो रहा है। बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन साइबर लुटेरों पर कानून का वज्र प्रहार कब चलेगा?
*ठगी के नए-नए हथकंडे -*
1. *बैंक के नाम पर:* आपका खाता बंद हो जाएगा, KYC अपडेट कराएं, लिंक पर क्लिक करें।
2. *आधार-पैन अपग्रेड के नाम पर:* आपका आधार ब्लॉक हो गया है, तुरंत सत्यापन करें।
3. *गैस बुकिंग और बिजली बिल के नाम पर:* आज बिल नहीं भरा तो कनेक्शन कट जाएगा।
4. *पेंशन सत्यापन के नाम पर:* बुजुर्ग पेंशनरों को फोन कर जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर OTP लेना।
5. *परिचित बनकर:* व्हाट्सएप पर फोटो लगाकर – “पहचाना? मैं तुम्हारा दोस्त, नया नंबर है, 10 हजार भेज दो।”
ठग एक ही बात जानते हैं – डर और लालच। कभी डराते हैं कि खाता बंद होगा, तो कभी लालच देते हैं कि लॉटरी लगी है।
*आखिर कब लगेगा अंकुश?*
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक आम आदमी जागरूक नहीं होगा और पुलिस साइबर सेल को और अधिक तेज, तकनीकी और त्वरित कार्रवाई करने वाली नहीं बनाया जाएगा, तब तक ये गिद्ध आम आदमी की जेब पर मंडराते रहेंगे।
*बचाव के 3 सुनहरे नियम -*
*1. OTP किसी को मत दो:* बैंक, आधार, गैस एजेंसी कभी भी फोन पर OTP नहीं मांगती।
*2. अनजान लिंक पर क्लिक मत करो:* चाहे कितना भी जरूरी बताया जाए।
*3. वेरिफाई करो:* किसी परिचित ने भी पैसा मांगा तो पहले पुराने नंबर पर वीडियो कॉल करके पुष्टि करो।
सरकार और प्रशासन को अब केवल जागरूकता अभियान से आगे बढ़कर इन ठगों के नेटवर्क पर सर्जिकल स्ट्राइक करनी होगी, तभी आम आदमी की मेहनत सुरक्षित रह पाएगी।